खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही प्रदेश सरकार : रोहित ठाकुर

विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर लें भाग : शिक्षा मंत्री

शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। समापन समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में 20 ब्लॉकों के लगभग 692 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 519 सरकारी तथा 173 निजी विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल रहे। विद्यार्थियों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और बैडमिंटन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। खेलकूद शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र में 9 हजार से अधिक नौकरियां प्रदान की हैं। प्रदेश में वर्तमान में 14,663 शिक्षण संस्थान हैं, जहां 65 हजार से अधिक अध्यापक सेवाएं दे रहे हैं तथा 7 लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर अब 99.30 प्रतिशत हो गई है। प्रदेश स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में देश में छठे तथा राज्यों की श्रेणी में तीसरे स्थान पर है।

*खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर विशेष बल*

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 48 पदक प्राप्त किए, जिनमें 8 स्वर्ण, 11 रजत और 29 कांस्य पदक शामिल हैं। पिछले सत्र में 22 छात्र खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल हैं, जहां अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को खेल सामग्री एवं प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। खिलाड़ियों की डाइट मनी को भी 120 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये प्रतिदिन किया गया है।

*तकलेच विद्यालय के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा*

शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में बरसात से खेल मैदान एवं दीवार को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए प्रथम चरण में 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के 100 विद्यालयों को सीबीएसई विद्यालय बनाने की योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच को भी शामिल किया जाएगा।

*विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित*

शिक्षा मंत्री ने कबड्डी में नेरवा ब्लॉक को प्रथम तथा रोहड़ू को द्वितीय, वॉलीबॉल में रोहड़ू को प्रथम तथा नेरवा को द्वितीय, खो-खो में रोहड़ू को प्रथम तथा मतियाना को द्वितीय और बैडमिंटन में नेरवा को प्रथम तथा देहा को द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर खिलाड़ियों को बधाई दी तथा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक विद्यालय, अध्यापकों एवं सहयोगी स्टाफ को भी बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनी तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समारोह में अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान, सहायक निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय पांटा, जिला परिषद सदस्य रोनी राणा एवं अनुराधा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा, पंचायत समिति उपाध्यक्ष रामपुर सुनील कायथ, निदेशक पर्यटन यशपाल सोनी, एचपीएमसी निदेशक मंडल के सदस्य भूपेश धीमान, कैलाश फेडरेशन निदेशक मंडल के सदस्य त्रिलोक भूलनी, ग्राम पंचायत प्रधान सुनील कायथ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।