धर्मशाला में 722 यूनिट रक्तदान, हिमाचल के 603 यूनिट के रिकॉर्ड को किया पार

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर नवजीवन ट्रस्ट का सेवा संकल्प अभियान

धर्मशाला.. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नवजीवन ट्रस्ट की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को धर्मशाला के नरवाणा में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 722 यूनिट रक्तदान किया। इसके साथ ही धर्मशाला में आयोजित इस शिविर ने हिमाचल प्रदेश में पूर्व के 603 यूनिट रक्तदान के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। शिविर में भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए रक्तदाताओं के लिए अलग-अलग स्लॉट निर्धारित किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई।

इस अवसर पर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि रक्तदान ऐसा पुनीत अभियान है, जिसमें जाति, क्षेत्रवाद और इलाकावाद जैसी सभी सीमाएं समाप्त हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों का रक्त समान होता है और रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में लोगों ने भारत माता के प्रति समर्पण और सेवा की भावना का परिचय दिया है।

सुधीर शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि 7 अक्तूबर को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और इसी के साथ उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में तथा उसके बाद देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र की सेवा की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और आज भारत विश्व शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश और देशभर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर महापौर शमशेर सिंह नेहरिया, उपमहापौर प्रेरणा गुलेरिया, धर्मशाला पंचायत समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, नवजीवन ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती शकुन, टांडा मेडिकल कॉलेज तथा भगवान बुद्ध चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य एवं कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान कुल 722 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो हिमाचल प्रदेश में पूर्व स्थापित 603 यूनिट रक्तदान के रिकॉर्ड से 119 यूनिट अधिक है। इस उपलब्धि ने धर्मशाला के नागरिकों की सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।