ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक वोट चोरी के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा: मुकेशअग्निहोत्री

शिमला। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश में लोकतंत्र की भावना को कायम रखने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक वोट चोरी के विरुद्ध यह आंदोलन जारी रहेगा। यह मुद्दा अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है और इसका समाधान होने तक कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बीते कल नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शिमला में लोक भवन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं केे विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरा देश इस मुद्दे को लेकर आवाज उठा रहा है और कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े गंभीर सवालों को लेकर जनता के बीच भी चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया है। उन्होंने कहा कि जब इस पूरे मामले से जुड़े तथ्य सामने आ रहे हैं, तो इसकी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने और जनता से जुड़े सवाल उठाने के अधिकार को दबाया नहीं जा सकता।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वोट की ताकत लोकतंत्र की बुनियाद है और इसकी पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे को कांग्रेस तार्किक अंत तक ले जाएगी और लोकतंत्र की बहाली तथा चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास कायम करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।