13 टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों को एसडीएम ने किया सम्मानित
करसोग। नागरिक चिकित्सालय करसोग में आज पोषण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य खंड करसोग की टीबी मुक्त घोषित 13 ग्राम पंचायतों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में एसडीएम अलीशा चैहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पद्मश्री नेक राम शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य खंड करसोग की टीबी मुक्त घोषित हुई ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को सम्मानिम किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
इस मौके पर स्वास्थ्य खंड करसोग के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, उप स्वास्थ्य केंद्रों की टीमों द्वारा पोषण प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। पोषण प्रदर्शनी में आकर्षक स्टाॅल लगाए गए। इन स्टाॅलों के माध्यम से उपस्थित लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली तथा पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुन्हू ने प्रथम, केलोधर ने द्वितीय तथा भनेरा ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर करसोग में टीबी की बीमारी के उन्मूलन के लिए सहभागिता योजना भी शुरु की गई है।
इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि टीबी के उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों के साथ-साथ पंचायतों एवं आम जनता की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है। पंचायतों के सहयोग से टीबी के मामलों की समय पर पहचान, जांच, उपचार तथा मरीजों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाकर इस बीमारी को पूरी तरह समाप्त करने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पोषण और स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। संतुलित एवं पौष्टिक आहार से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और व्यक्ति कई बीमारियों से बचाव कर सकता है। उन्होंने टीबी मुक्त घोषित हुई सभी 13 पंचायतों के प्रतिनिधियों तथा पोषण प्रदर्शनी में भाग लेने वाली सभी टीमों को बधाई दी।
