करसोग। एसडीएम करसोग अलीशा चैहान की अध्यक्षता में आज उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण, योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों ने भाग लिया। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा संबंधित विकास कार्यों, योजनाओं तथा लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का निवारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में आम जनता को जागरूक करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने 20 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने तथा लक्ष्यों को समयबद्ध हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आम लोगों को योजनाओं एवं विकास कार्यों का समयबद्ध लाभ मिल सके।
बैठक में तहसीलदार पृथी चंद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
