शिमला। राजधानी शिमला के बालूगंज क्षेत्र में एक लंगूर की अचानक हरकत से महिला की जान पर बन आई। यहां लंगूर ने एक महिला को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिरते-गिरते बची। इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक कार की चपेट में आने का भी खतरा पैदा हो गया। हालांकि, महिला बाल-बाल बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लंगूर की इस हरकत ने सड़क पर चल रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। शहर के कई क्षेत्रों में बंदरों और लंगूरों की आवाजाही आम देखने को मिलती है, लेकिन इस तरह अचानक लोगों पर हमला करना गंभीर खतरा बन सकता है।
घटना ने एक बार फिर शिमला में बंदरों और लंगूरों के बढ़ते आतंक तथा आम लोगों की सुरक्षा का मुद्दा सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाएं, ताकि राहगीरों को किसी अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े।