वॉइस ऑफ बुशहर और ओपन डांस प्रतियोगिता के दूसरे दौर में 10-10 प्रतिभागियों ने लिया भाग, पांच-पांच प्रतिभागियों ने फाइनल में बनाई जगह

रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के तीसरे दिन आज विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर पीएम श्री उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर, स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल खनेरी, आर्य पब्लिक स्कूल खनेरी, कमला मेमोरियल पब्लिक स्कूल खनेरी, राधा कृष्णन बी.एड. कॉलेज नोगली तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला चिलागे के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।
इससे पूर्व दिन में आयोजित वॉइस ऑफ बुशहर तथा ओपन डांस प्रतियोगिता के दूसरे दौर में दोनों श्रेणियों के 10-10 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें से पांच-पांच प्रतिभागियों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया गया है। दोनों प्रतियोगिताओं का फाइनल मुकाबला 14 नवम्बर को आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 14 नवम्बर को ही प्राइम टाइम में अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 31 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 21 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।