
महिला नेताओं का आरोप- स्कूलों में शिक्षा की बजाय राजनीति का पाठ पढ़ा रहे विधायक, विकास कार्य ठप और माफिया सक्रिय
गगरेट। भाजपा महिला मोर्चा ने गगरेट के विधायक राकेश कालिया पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर क्षेत्र के विकास की अनदेखी करने और स्कूलों के कार्यक्रमों में राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। महिला मोर्चा की नेताओं ने कहा कि विधायक महोदय गगरेट विधानसभा क्षेत्र में कोई नया स्कूल खुलवाने में तो सफल नहीं हुए, उल्टा अमलेहड़ और जोह बेहड़ जैसे गांवों के पहले से संचालित प्राथमिक स्कूलों पर ही ताले लग गए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के कार्यक्रमों में विधायक का दायित्व बच्चों को शिक्षा, संस्कार और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है, लेकिन इसके बजाय वे राजनीतिक बयानबाजी करते हुए पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा का नाम लेने में ही व्यस्त रहते हैं। यह बेहद निंदनीय है। ऐसा प्रतीत होता है कि विधायक के पास जनता को बताने के लिए अपनी कोई उपलब्धि नहीं है।
महिला नेताओं ने आरोप लगाया कि विधायक बार-बार स्कूलों के मंच से महिलाओं के सम्मान को लेकर भी अनावश्यक टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा रक्षाबंधन पर महिलाओं से राखी बंधवाते हैं और करवा चौथ जैसे त्योहारों पर उनके साथ खुशियां साझा करते हैं, तो इसमें विधायक राकेश कालिया को आपत्ति क्यों है? उन्हें व्यक्तिगत आलोचना करने के बजाय अपने कार्यकाल की उपलब्धियां जनता के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक के कार्यकाल में विकास कार्य ठप पड़े हैं। विधायक बीडीसी चेयरमैन के घर तक जाने वाली सड़क तो ठीक करवा न पाए और दौलतपुर-मुबारिकपुर और दौलतपुर चौक-चलेट मार्ग पर बने कॉजवे की बदहाल स्थिति किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि विधायक बनने के बाद उन्होंने क्षेत्र के लिए कौन-सी बड़ी विकासात्मक परियोजनाएं पूरी करवाई हैं? महिला मोर्चा की नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास के बजाय क्रशर लगाने पर अधिक जोर दिया जा रहा है। उन्होंने खनन, भू और वन माफिया की सक्रियता पर भी चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र की वन संपदा पर लगातार खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने विधायक से राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर जनता को विकास कार्यों का हिसाब देने की मांग की। इस अवसर पर भाजपा के दोनों मंडलों दौलतपुर मण्डल से रीना परमार, गगरेट मण्डल से पूनम ठाकुर, महामंत्री सुमन, जिला महिला मोर्चा प्रकाशो देवी, कुसुम लता, सरला देवी, मीना देवी, निशा देवी, शमा शर्मा, सीमा देवी, वंदना देवी, सोनिका, रीता सहित अन्य महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।