होर्डिंग लगाकर ‘सुक्खू महाराज जी’ प्रकट हुए हैं, इससे कुछ हासिल होने वाला नहीं : जयराम ठाकुर

 

68 जिले भी बना दो, तब भी आप जाने वाले हैं… मुख्यमंत्री सुक्खू पर नेता प्रतिपक्ष का तंज, बिजली, परिवहन सहित अन्य विभागों के टेंडरों में लाखों रुपये के कथित घोटाले के लगाए आरोप

 

शिमला।  तपोवन विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले बोले। प्रदेशभर में लगाए गए होर्डिंग को लेकर जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि पूरे हिमाचल में एक कोने से दूसरे कोने तक होर्डिंग लगाकर ‘सुक्खू महाराज जी’ प्रकट हुए हैं, इससे कुछ हासिल होने वाला नहीं है। वहीं नए जिलों के गठन को लेकर उन्होंने कहा कि 68 जिले भी बना दो, तब भी आप जाने वाले हैं।

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे हिमाचल में एक कोने से दूसरे कोने तक होर्डिंग लगाकर ‘सुक्खू महाराज जी’ का प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल होर्डिंग लगाने और प्रचार करने से विकास नहीं होता, बल्कि मुख्यमंत्री को व्यावहारिक सोच के साथ धरातल पर काम करके दिखाना चाहिए।

जिस प्रकार से पूरे हिमाचल प्रदेश में एक कोने से दूसरे कोने तक होर्डिंग लगाए गए हैं और हर जगह सुक्खू महाराज जी प्रकट हुए हैं, उससे कुछ हासिल होने वाला नहीं है। केवल होर्डिंग लगाने से प्रदेश का विकास नहीं होगा। मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे प्रचार से बाहर निकलकर व्यावहारिक रूप से धरातल पर काम करें और प्रदेश की जनता को विकास कार्यों का लाभ पहुंचाएं।

वहीं प्रदेश में नए जिलों के गठन की चर्चा पर जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 68 जिले भी बना दो, तब भी आप जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नए जिले बनाने के विरोध में नहीं है, लेकिन पहले कांग्रेस के नेता आपस में फैसला करें कि जिले बनाने हैं या नहीं। नए जिलों के गठन की बात आते ही कांग्रेस के विधायक आपस में उलझ जाते हैं।

68 जिले भी बना दो, तब भी आप जाने वाले हैं। हम नए जिले बनाने के विरोध में नहीं हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या जिले बनाने के बाद सारी व्यवस्थाएं ठीक रह पाएंगी? पहले कांग्रेस के नेता आपस में बैठकर तय करें कि जिले बनाने भी हैं या नहीं। जब भी जिले बनाने की बात आती है तो कांग्रेस के विधायक ही आपस में उलझने लगते हैं।”

जयराम ठाकुर ने बिजली विभाग, परिवहन सहित अन्य विभागों के टेंडरों में लाखों रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन प्रोजेक्टों को लेकर पूर्व भाजपा सरकार के समय भी मांगें उठाई गई थीं। उन्होंने सरकार को प्रचार के बजाय विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की नसीहत दी।

बिजली विभाग और परिवहन सहित अन्य विभागों के टेंडरों में लाखों रुपये के कथित घोटालों के मामले सामने आ रहे हैं। सरकार को इन मामलों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। वहीं जिन विकास परियोजनाओं को लेकर आज बातें की जा रही हैं, उनकी मांगें भाजपा की पूर्व सरकार के समय भी उठाई गई थीं। सरकार को चाहिए कि केवल प्रचार तक सीमित न रहे, बल्कि इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए काम करे।

विधानसभा सत्र के दूसरे दिन जयराम ठाकुर के इन बयानों से प्रदेश की राजनीति में सियासी बहस तेज हो गई है।