नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में, इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (IACC) द्वारा आयोजित 23वें भारत-अमेरिका आर्थिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका, विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में, पूंजी, प्रौद्योगिकी और नवाचार लाता है, जबकि भारत उत्पादन का पैमाना, प्रतिभा, निर्माण क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मकता और तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था प्रदान करता है।
गोयल ने कहा कि भारत का डिजिटल परिवर्तन इसे दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ा रहा है, जिसका लक्ष्य ‘विकसित भारत’ है—एक विकसित और समृद्ध राष्ट्र, जो 1.4 अरब भारतीयों को बेहतर जीवन और भविष्य प्रदान करे।
इस वर्ष के सम्मेलन के विषय ‘वन शेयर्ड फ्यूचर’ (एक साझा भविष्य) का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि यह साझेदारी पिछले वर्ष के सम्मेलन के विषय ‘शेपिंग अ शेयर्ड फ्यूचर’ (एक साझा भविष्य को आकार देना) से आगे बढ़कर उस भविष्य को संयुक्त रूप से अपनाने और उसकी दिशा में कार्य करने की ओर बढा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच का साझा भविष्य दोनों देशों और विश्व के लिए एक निर्णायक विशेषता बनेगा।
मंत्री ने कहा कि भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका दो जीवंत लोकतंत्र हैं, जो वैश्विक माहौल को आकार देते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई देते समय दिए गए संदेश का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी वैश्विक भलाई के लिए एक शक्ति है और यह वैश्विक वृद्धि का इंजन भी बनना चाहिए। उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका को स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी और अमेरिकी जनता को शुभकामनाएं दीं।
गोयल ने जोर दिया कि आपस का भरोसा भारत की अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों की नींव है। उन्होंने कहा कि भारत एक विश्वसनीय साझेदारी प्रदान करता है और कठिन समय में अपने दोस्तों का साथ देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस अवलोकन का उल्लेख करते हुए कि भरोसा रखना आज विश्व के सामने एक मौलिक प्रश्न बन गया है। मंत्री ने कहा कि व्यवसाय बड़ी ही अस्थिर और अनिश्चित वैश्विक वातावरण में काम कर रहे हैं, जिसमें दो चल रहे युद्ध, पश्चिम एशिया संकट और रूस-यूक्रेन युद्ध शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया को केवल आपूर्ति श्रृंखलाएं नहीं, बल्कि विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाएं चाहिए, जिनमें साझेदार एक साझा दृष्टिकोण साझा करें, कानून के शासन का सम्मान करें और अनुबंधों का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि ऐसी भरोसे की श्रृंखला बनाने में भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका प्राकृतिक साझेदार हैं।
द्विपक्षीय और बहुपक्षीय जुड़ाव को लेकर हाल के घटनाओं को रेखांकित करते हुए गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दो दिन पहले मनीला में आयोजित क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन में मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने 2027 की शुरुआत में पहले क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम की घोषणा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि IACC और अन्य संगठन देश का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख भारतीय व्यवसायों को एक साथ लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।