ग्राम पंचायत खील में 87 लोगों के स्वास्थ्य की जांच, 84 के एक्स-रे किए

 

करसोग। ‘राज्य सरकार के घर द्वार स्वास्थ्य सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत खील में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 87 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर के दौरान 84 एक्स-रे किए गए, जबकि 81 लोगों की बीपी एवं शुगर की जांच की गई। इसके अतिरिक्त 48 लोगों के एचआईवी, 48 लोगों के हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी एवं सिफलिस के टेस्ट किए गए।

खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘सरकार के घर द्वार पर स्वास्थ्य सेवा’ कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार के समीप ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए ग्राम पंचायत खील की प्रधान रूमती देवी व स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।

शिविर में पीएचसी चुराग के चिकित्सक डॉ. अंकेश राणा, हेल्थ सुपरवाइजर मीना जमवाल, रेडियोग्राफर जय सिंह, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक लोभ सिंह ठाकुर, काउंसलर नंदा शर्मा, स्थानीय सीएचओ वैशाली तथा आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।