पिछले एक दशक में भारत प्रौद्योगिकी के उपभोक्ता से प्रौद्योगिकी के निर्माता के रूप में उभरा है, दूरसंचार क्षेत्र इसका सबसे उल्लेखनीय उदाहरण है: ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया

नई दिल्ली। संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने नई दिल्ली के भारत मंडपम स्थित लीडर्स लाउंज में दूरसंचार विभाग (डीओटी), संचार मंत्रालय द्वारा आयोजित दूरसंचार स्टार्टअप और एमएसएमई कॉन्क्लेव 2026 की अध्यक्षता की। इस कॉन्क्लेव में स्वदेशी दूरसंचार नवाचार को सुदृढ़ करने, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा देश में विकसित प्रौद्योगिकियों के विकास और व्यावसायीकरण को सुगम बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261124171506_58f86c.jpg

इस कॉन्क्लेव में दूरसंचार स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि, निवेशक, शिक्षाविद और सरकारी प्रतिनिधि एक साझा मंच पर एकत्रित हुए। इसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन करना, घरेलू नवाचारकर्ताओं के सामने आने वाली चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना तथा भारतीय दूरसंचार प्रौद्योगिकियों का विस्तार करने के अवसर तलाशना था।

नीति आयोग की विशिष्ट फेलो और नीति फ्रंटियर टेक हब की मुख्य वास्तुकार  देबजानी घोष ने सत्र के दौरान मुख्य वक्तव्य दिया। उन्होंने नवाचार को बढ़ावा देने, हितधारकों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने तथा प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता के लिए अनुकूल परिवेश तैयार करने के महत्व पर ज़ोर दिया।

इस कॉन्क्लेव में दूरसंचार प्रौद्योगिकी के विभिन्न घटकों को शामिल करते हुए पाँच प्रमुख विषयगत क्षेत्रों पर प्रस्तुतियाँ और चर्चाएँ आयोजित की गईं। इनमें रेडियो एक्सेस नेटवर्क (आरएएन) एवं कोर, एप्लिकेशन, चिपसेट, सुरक्षा और मानक शामिल थे। प्रत्येक विषयगत समूह का प्रतिनिधित्व संबंधित डीओटी के अधिकारियों ने किया, जिन्होंने प्रतिभागियों को स्टार्टअप और एमएसएमई को सहयोग देने तथा समग्र दूरसंचार नवाचार इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी पहलों, नीतिगत हस्तक्षेपों और सहायक ढाँचों की जानकारी दी। इस कॉन्क्लेव में स्टार्टअप और एमएसएमई द्वारा लगाए गए 11 प्रदर्शनी स्टॉल भी शामिल थे, जिनके माध्यम से उन्हें नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों, निवेशकों और अन्य हितधारकों के समक्ष अपने नवोन्मेषी स्वदेशी उत्पादों, प्रौद्योगिकियों और समाधानों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।