धरती की सेहत सुधारने और किसानों की आय बढ़ाने पंजाब के खेतों में पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के तरनतारन जिले के ग्राम ‘बूह हवेलियां’ में आयोजित ‘किसान चौपाल’ में शिरकत कर अन्नदाताओं के साथ सीधा संवाद किया। खेतों के बीच किसानों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनते हुए चौहान ने पराली जलाए बिना आधुनिक खेती करने वाले प्रगतिशील किसानों और पंचायतों का अभिनंदन किया। उन्होंने दो टूक कहा कि वे कोई बड़ी राजनीतिक सभा करने नहीं, बल्कि एक सेवक के रूप में किसानों के बीच बैठकर उनकी बात समझने आए हैं। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार से किसानों के हित में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया और मोदी सरकार की किसान हितैषी नीतियों तथा एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद की प्रतिबद्धता को दोहराया।

 

​किसानों की सेवा ही सतगुरु की सच्ची पूजा

किसान चौपाल को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने भावुक और आत्मीय अंदाज में कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके पूरे देश का पेट भरता है। उन्होंने कहा, “मैं कोई नेता-वेता नहीं हूं, मैं तो किसानों का सेवक हूं। गुरु नानक देव जी ने भी यही संदेश दिया है कि अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष से दूर रहकर सेवा करनी चाहिए। मंत्री पद किसी अहंकार के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए मिला है और मेरे लिए किसानों की सेवा ही सतगुरु भगवान की पूजा है।”

​हरित क्रांति से ‘खेत बचाओ अभियान’ तक का सफर

पंजाब के किसानों के ऐतिहासिक योगदान को नमन करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि जब देश में अन्न का संकट था और बाहर से लाल गेहूं मंगाना पड़ता था, तब पंजाब के किसानों ने ही हरित क्रांति लाकर देश के अन्न के भंडार भरे थे। लेकिन आज अत्यधिक रासायनिक खाद, कीटनाशक और पराली जलाने के कारण हमारी धरती माता की सेहत बिगड़ रही है। मित्र कीट और केंचुए खत्म हो रहे हैं। उन्होंने आगाह किया कि अगर हमने आज मिट्टी की उर्वरता नहीं बचाई, तो आने वाली पीढ़ियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने ग्राम बूह हवेलियां और आसपास के किसानों द्वारा पिछले छह सालों से पराली न जलाने और हैप्पी सीडर व डायरेक्ट सीडिंग अपनाने की सराहना करते हुए कहा कि इस गांव ने पूरे देश को ‘खेत बचाओ अभियान’ की नई दिशा दिखाई है।