शिमला में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, अस्वस्थ होने के चलते CM सुक्खू रहे नदारद,,,रजनी पाटिल ने भाजपा को बताया- वोट चोर और चंदा चोर

 

मुकेश अग्निहोत्री बोले- हिमाचल में नौ विधायकों की खरीद-फरोख्त कर ऑपरेशन लोटस की हुई नाकाम कोशिश

15 हजार की भीड़ जुटाने का दावा, संविधान रक्षा मार्च में पहुंचे बमुश्किल एक हजार लोग

शिमला  : संविधान दिवस पर शिमला में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च के जरिए पार्टी ने भाजपा को घेरने की कोशिश की। मार्च में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार शामिल हुए। हालांकि, अस्वस्थ होने के कारण मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। कांग्रेस ने मार्च में 15 हजार लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया था, लेकिन मौके पर बमुश्किल एक हजार लोग ही पहुंचे। इस तरह दावा की गई संख्या और कार्यक्रम में मौजूद लोगों की संख्या में बड़ा अंतर देखने को मिला।

मार्च के दौरान कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की विचारधारा महात्मा गांधी के विचारों के खिलाफ है। देश में वोट चोरी हो रही है और सत्ता हासिल करने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। पाटिल ने भाजपा नेताओं को ‘चंदा चोर’ करार देते हुए कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी।

 

वहीं, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश की सियासत का जिक्र करते हुए भाजपा पर नौ विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में ऑपरेशन लोटस के जरिए सरकार गिराने की कोशिश की, लेकिन उसका यह प्रयास नाकाम रहा। उप मुख्यमंत्री के अनुसार, उपचुनाव में इनमें से केवल तीन विधायक ही जीतकर दोबारा विधानसभा पहुंच सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हिमाचल में भी लोकतंत्र के खिलाफ काम किया।

अग्निहोत्री ने दावा किया कि देश में आज भाजपा के खिलाफ माहौल है और जनता सच्चाई समझ चुकी है। उन्होंने SIR के मुद्दे के साथ राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित चोरी को लेकर भी भाजपा को कटघरे में खड़ा किया।