बिलासपुर, मंडी, सुंदरनगर और हमीरपुर में देर रात और सुबह घने कोहरे की संभावना, ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री दर्ज
शिमला। हिमाचल प्रदेश में आगामी सात दिनों तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 2 दिसंबर तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में घने से मध्यम कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। इस दौरान बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास के क्षेत्रों, मंडी जिले की बल्ह घाटी, सुजानपुर और हमीरपुर में घने से मध्यम कोहरे की सूचना मिली है। वहीं, प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। ऊना में सबसे अधिक 27 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि शिमला में अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहा। हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी में तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि सुबह के न्यूनतम तापमान लगभग पूरे प्रदेश में सामान्य रहे। हालांकि जनजातीय क्षेत्रों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। लाहौल-स्पीति के ताबो में सबसे कम माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री और केलांग में माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम साफ और शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास के क्षेत्र, सुंदरनगर, मंडी शहर, बल्ह घाटी और सुजानपुर में देर रात तथा सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। इन क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक कोहरे का प्रभाव बना रह सकता है।
उन्होंने कहा कि मैदानी जिलों के अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और भुंतर सहित कुछ क्षेत्रों में 28 नवंबर के बाद दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक ने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रदेश में किसी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव नहीं है। ऐसे में आगामी सात दिनों के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।