हिमाचल ने रचा इतिहास 1,100 रोबोटिक सर्जरी का आंकड़ा पार, उत्तर भारत में यह सुविधा शुरू करने वाला बना पहला राज्य; अब रविवार को भी होंगे ऑपरेशन, डॉक्टरों को मिलेगा विशेष इंसेंटिव


शिमला। हिमाचल प्रदेश में जहां रोबोटिक सर्जरी के आरंभ होने के साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति आई है वहीं प्रदेश में एक नया इतिहास रच दिया है । प्रदेश में अब तक 1,102 रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। हिमाचल उत्तर भारत का पहला राज्य बना है, जहां सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसे प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि रोबोटिक सर्जरी के मामले में देश में सबसे तेज ग्रोथ हिमाचल में दर्ज की गई है। अब सरकार ने इस सुविधा को और विस्तार देने की तैयारी की है। मरीजों की वेटिंग लिस्ट कम करने के लिए प्रशिक्षित डॉक्टर रविवार को भी रोबोटिक सर्जरी कर सकेंगे। इसके लिए स्वेच्छा से रविवार को ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों को सरकार विशेष इंसेंटिव भी देगी। एक हजार से अधिक सर्जरी पूरी होने पर सचिवालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री ने की।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सकों से रोबोटिक सर्जरी के अनुभव, तकनीक के इस्तेमाल और इसके परिणामों को लेकर फीडबैक लिया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी मौजूद रहे। 1,102 रोबोटिक सर्जरी पूरी होने पर मुख्यमंत्री ने केक काटा ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश उत्तर भारत का पहला राज्य है, जहां सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। प्रदेश के चिकित्सकों ने इस आधुनिक तकनीक को तेजी से सीखा और सफलतापूर्वक अपनाया है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में इस तकनीक के लिए बाहर से विशेषज्ञ बुलाने की बात हो रही थी, लेकिन हिमाचल के डॉक्टरों ने खुद प्रशिक्षण लेकर अपनी क्षमता साबित की है।
सुक्खू ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी का सबसे बड़ा लाभ मरीजों को मिल रहा है। पहले ऑपरेशन के बाद मरीजों को औसतन सात दिन अस्पताल में रहना पड़ता था, जबकि इस तकनीक से सर्जरी के बाद अस्पताल में रहने की अवधि घटकर करीब तीन दिन रह गई है। आईजीएमसी, चम्याणा, नेरचौक और टांडा मेडिकल कॉलेज सहित अन्य संस्थानों में कैंसर, यूरोलॉजी, प्रोस्टेट, हर्निया, गॉल ब्लैडर और पीडियाट्रिक्स से जुड़े जटिल ऑपरेशन किए जा चुके हैं। आईजीएमसी में आठ महीने के बच्चे की रोबोटिक सर्जरी भी सफलतापूर्वक की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकार का अगला लक्ष्य रोबोटिक सर्जरी की संख्या बढ़ाने और मरीजों की प्रतीक्षा सूची कम करने का है। इसके लिए प्रशिक्षित रोबोटिक सर्जन रविवार को भी ऑपरेशन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई चिकित्सक स्वेच्छा से रविवार को सर्जरी करने के लिए तैयार होता है तो उसे सरकार की ओर से विशेष इंसेंटिव दिया जाएगा। टांडा मेडिकल कॉलेज ने भी रविवार को सर्जरी करने की दिशा में रुचि दिखाई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व अस्पतालों में आधुनिक तकनीक उपलब्ध करवाना और उसे समय-समय पर अपग्रेड करना है, जबकि डॉक्टरों की जिम्मेदारी इस तकनीक को सीखकर मरीजों तक उसका लाभ पहुंचाना है। हिमाचल के चिकित्सकों ने इस दिशा में बेहतर काम किया है।
मुख्यमंत्री ने भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई आधारित तकनीक को भी स्वास्थ्य सेवाओं में शामिल करने की बात कही। उन्होंने पिछले तीन वर्षों में मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में तकनीकी अपग्रेडेशन, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने तथा प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद भरने के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया।