कहा- कांग्रेस सरकार और संगठन में पूरा तालमेल, पार्टी के भीतर विचार रखने की स्वतंत्रता; कुल्लू जिले को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की भी उठाई पैरवी
कुल्लु से मंत्री बनाने का मुख्यमंत्री भी कर रहे प्रयास, बोले- अब तो तंत्र-मंत्र करना पड़ेगा
शिमला। भाजपा प्रदेश कोर कमेटी में सांसद हर्ष महाजन सहित कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए कुछ नेताओं को जगह नहीं मिलने पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा पर ‘यूज एंड थ्रो’ यानी इस्तेमाल करो और फिर किनारे कर दो की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस सरकार और संगठन के बीच किसी भी तरह के मतभेद की बात को खारिज करते हुए कहा कि दोनों के बीच पूरा तालमेल है।
विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा की नई कोर कमेटी में पुराने नेताओं को जगह नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा में कई ऐसे नेता थे, जो बड़ी-बड़ी बातें करते थे और संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद रखते थे, लेकिन नई कोर कमेटी में उन्हें शामिल नहीं किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति इस्तेमाल करो और फेंक दो की नीति पर आधारित है
कांग्रेस सरकार और संगठन के बीच मतभेदों के भाजपा के आरोपों पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में सरकार और संगठन पूरी तरह तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। सरकार का नेतृत्व मुख्यमंत्री कर रहे हैं, जबकि संगठन की जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पास है। दोनों अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।
मंत्रिमंडल में कुल्लू जिले को प्रतिनिधित्व देने के मुद्दे पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मंत्री बनाने का निर्णय पार्टी हाईकमान का है और प्रदेश में इस दिशा में पहल मुख्यमंत्री को करनी है। यह उनका विशेषाधिकार है। हालांकि, उनका मानना है कि कुल्लू जैसे महत्वपूर्ण जिले को सरकार में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला हमेशा से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों को कांग्रेस सरकार में प्रतिनिधित्व मिला है, लेकिन कुल्लू ऐसा जिला है, जहां से फिलहाल मंत्रिमंडल में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। जिले से कांग्रेस के दो विधायक चुनकर आए हैं, इसलिए कुल्लू को भी सरकार में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
विक्रमादित्य सिंह ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री भी कुल्लू जिले को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से इस दिशा में कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन अभी कोई पेंच अटका हुआ है।
इस दौरान उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद भी सितारे ठीक न होने की बात कही थी। ऐसे में अब तो लगता है कि इस पेंच को सुलझाने के लिए तंत्र-मंत्र ही करना पड़ेगा।
विक्रमादित्य सिंह के बयान में जहां भाजपा की कोर कमेटी को लेकर सियासी तंज नजर आया, वहीं कांग्रेस सरकार और संगठन के बीच एकजुटता का संदेश देने के साथ उन्होंने कुल्लू जिले को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की मांग भी दोहराई।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि पार्टी महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पूरी तरह पक्ष में है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस की स्थिति पहले से स्पष्ट है और पार्टी चाहती है कि 2023 में संसद से पारित विधेयक को उसी स्वरूप में लागू किया जाए।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोकसभा में वर्तमान में 543 सीटें हैं और कांग्रेस का मत है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना जरूरी है। लोकसभा हो या विधानसभा, हर स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए।
उन्होंने महिला आरक्षण की पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी सोच पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की थी। राजीव गांधी ने करीब चार दशक पहले पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल की थी। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए अब संसद और विधानसभाओं में भी महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।