मुख्यमंत्री सुक्खू शुक्रवार को एम्स दिल्ली से लौटेंगे शिमला, 18 को बुलाई कैबिनेट बैठक

शिमला, 09 नवम्बर। पिछले 12 दिनों से एम्स में भर्ती मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अब स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की सलाह पर शुक्रवार को उन्हें एम्स से डिस्चार्ज किया जाएगा। मुख्यमंत्री दोपहर बाद 3:30 बजे शिमला पहुंचेंगे। वह शिमला में दिवाली मनाएंगे।

मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया की तरफ से मुख्यमंत्री सुक्खू का टूर प्रोग्राम जारी हुआ है।  इसके मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे एम्स दिल्ली से सफदरजंग एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। वहां से 1:45 बजे उनका हेलीकॉप्टर शिमला के लिए उड़ान भरेगा। 3:15 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शिमला के अनाडेल में लैंड होगा। अनाडेल से मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास ओकओवर जाएंगे। 

मुख्यमंत्री के स्वस्थ होते ही सामान्य प्रशासन विभाग ने कैबिनेट बैठक की अधिसूचना भी जारी कर दी है। कैबिनेट की बैठक 18 नवंबर को दोपहर 12 बजे राज्य सचिवालय में होगी। कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री करते हैं।  लगभग एक माह बाद कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। 

स्वाथ्य बेहतर होते ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने  एम्स से प्रदेश सरकार के कामकाज की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने मंत्रियों व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे दिल्ली आने के बजाय सचिवालय में बैठकर कामकाज का समयबद्ध निपटारा करें, ताकि प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित न हों। 

बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की 26 अक्टूबर की रात को शिमला में तबीयत बिगड़ी थी और उन्हें आईजीएमसी में भर्ती किया गया। दरअसल मुख्यमंत्री का पाचन तंत्र प्रभावित हुआ था। उनका दो दिन आईजीएमसी में उपचार चला। आईजीएमसी के डॉक्टरों की सलाह पर वह नई दिल्ली स्थित एम्स में इलाज के लिए गए। एम्स में उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, जिससे कि वह संक्रमण से बचें रहें।  एम्स में उपचार के दौरान उनके स्वास्थ्य में तेज़ी से सुधार हुआ और उनके सभी टैस्टों की रिपोर्ट सही आई।