समेज में दो बेली पुल किए जाएंगे स्थापित,,विक्रमादित्य सिंह ने बाढ़ प्रभावितों का सुना दुख-दर्द

शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित समेज पहुंचे। वह प्रभावित लोगों से मिले। मंत्री ने बाढ़ प्रभावितों का दर्द सुना और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। कहा कि समेज गांव में दो बेली पुल स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए शिमला से बेली ब्रिज का सामान मंगवा लिया गया है। कुछ ही दिनों में बेली ब्रिज सुचारु हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यहां पर अतिरिक्त मशीनरी लगाई जा रही है, जिससे खोज कार्य और तेज गति से हो सके। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह त्रासदी झकझोरने वाली है। हम पूरी तरह लोगों के साथ खड़े हैं। प्रदेश सरकार हरसंभव सहायता कर रही है। लापता लोगों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चला हुआ है, लेकिन भारी मलबा होने के कारण कई चुनौतियां पेश आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि 85 किलोमीटर के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आर्मी, पैरामिलिट्री फोर्स, पुलिस, होमगार्ड और अग्निशमन विभाग के सदस्य अभियान में जुटे हुए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश को आपदा से निपटने के लिए दिल खोलकर आर्थिक सहायता प्रदान करने का भी आग्रह किया।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कैबिनेट मंत्री को खोज एवं बचाव कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर 7वें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक रामपुर नंदलाल, पूर्व सांसद एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी और एसडीएम रामपुर निशांत तोमर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *