मंडी में मनाया हिमाचल कर्मचारी महासंघ का स्थापना दिवस ,आयुष खेल मंत्री ने की शिरकत

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों का नया सरदार कौन होगा और किस गुट को सरकार की तरफ से मान्यता दी जाएगी, इसको लेकर इन दिनों कर्मचारी गुटों में खूब जोर-आजमाईश हो रही है। कर्मचारी नेता प्रदीप ठाकुर गुट ने मंडी में अपना राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जिसमें आयुष एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। यहां मंत्री के सामने खूब शक्ति प्रदर्शन हुआ। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा भी प्रदीप ठाकुर गुट को सरकार की तरफ से मान्यता देने का संकेत दे गए। उन्होंने कहा कि सीएम भली भांति जानते हैं कि प्रदेश के कर्मचारी किसके साथ हैं और किस गुट को मान्यता देनी है। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि इस कार्य में थोड़ी देर जरूर हो सकती है लेकिन अंधेर नहीं होगी। उन्होंने इशारों ही इशारों में प्रदीप ठाकुर को अगला कर्मचारी नेता भी घोषित कर दिया।

यादविंदर गोमा ने कहा कि इस कार्यक्रम में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वयं आना था लेकिन वे किन्हीं कारणों से आ नहीं पाए लेकिन उनके स्थान पर वे सीएम का संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी मांगे हैं वे सरकार के ध्यान में हैं और उन्हें जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने अपनी तरफ से भी कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वे भी उनकी मांगों को सीएम के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे।

यादविंदर गोमा ने कर्मचारियों से कांग्रेस पार्टी को हर चुनावों में सहयोग करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के परिवारों का भविष्य सुरक्षित करने का कार्य कांग्रेस पार्टी की सरकार ने किया है। यह बात सच है कि प्रदेश में कर्मचारी सरकारें बनाते भी हैं और गिराते भी हैं। कर्मचारियों को यह नहीं भूलना चाहिए कि उनका हक उन्हें किस पार्टी ने दिलाया है। इसलिए भविष्य में कर्मचारी हर चुनावों में कांग्रेस पार्टी का सहयोग करें न कि अपना पाला बदल लें।

इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, हिप्र अराजपत्रित कर्मचारी संघ प्रदीप गुट के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर और प्रदेश भर से आए कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *