25 वर्ष की आयु तक के 8.22 लाख नए युवा कर्मचारियों ने पंजीकरण कराया
ईएसआई योजना में 3.46 लाख महिला कर्मचारियों का नामांकन
दिसंबर, 2024 में ईएसआई योजना के तहत 20,360 नए प्रतिष्ठान पंजीकृत
दिसंबर, 2024 में ईएसआई योजना के तहत 73 ट्रांसजेंडर कर्मचारियों का पंजीकरण
नई दिल्ली। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के अनंतिम पेरोल आंकड़ों से पता चलता है कि दिसंबर, 2024 में 17.01 लाख नए कर्मचारी जोड़े गए हैं।
दिसंबर, 2024 में 20,360 नए प्रतिष्ठानों को ईएसआई योजना के सामाजिक सुरक्षा दायरे में लाया गया है, इस प्रकार श्रमिकों के लिए अधिक सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
आंकड़ों से यह पता चलता है कि दिसंबर माह के दौरान जोड़े गए कुल 17.01 लाख कर्मचारियों में से 8.22 लाख कर्मचारी 25 वर्ष तक की आयु वर्ग के हैं। यह संख्या कुल पंजीकृत कर्मचारियों का लगभग 48.35 प्रतिशत है।
पेरोल डेटा के लैंगिक विश्लेषण के अनुसार दिसंबर, 2024 में महिला सदस्यों का शुद्ध नामांकन 3.46 लाख रहा है। इसके अलावा, दिसंबर, 2024 में कुल 73 ट्रांसजेंडर कर्मचारियों ने भी ईएसआई योजना के तहत पंजीकरण कराया है, जो समाज के हर वर्ग को इसका लाभ पहुंचाने के लिए ईएसआईसी की प्रतिबद्धता को प्रमाणित करता है।