शिमला। महाशिवरात्रि हिन्दू धर्म का एक महान पर्व है। इस दिन सभी भक्त भगवान शिव की पूजा करते हैं और भोलेनाथ का आशीर्वाद पाते हैं। हिन्दू धर्म के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस वर्ष महाशिवरात्रि 26 फरवरी को हैं। वहीं, शिवरात्रि को लेकर शिमला शहर के मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजा दिया गया है। अधिक जानकारी देते हुए शिव मंदिर के महंत शिव प्रताप गिरी ने बताया कि शुभ मुहूर्त के अनुसार 26 फरवरी को सुबह 11 बजे से 27 फरवरी सुबह 11 से 11:30 बजे तक दोनों दिन शिव की आराधना के लिए शुभ समय हैं और हर साल की तरह इस साल भी महाशिवरात्रि का पर्व बड़े धूमधाम के साथ मनाया जायगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान शिव भक्त, शिव की पूजा-आराधना करें और उनका जलाभिषेक करें। यह पुण्यकाल सबसे अधिक फलदायी होता है।