करसोग। करसोग मेला के तीसरे दिन मोटे अनाज (मिलेट्स) के महत्व को उजागर करने हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित जैविक कृषि विशेषज्ञ नेकराम शर्मा ने महिला मंडल बाग के सहयोग से मोटे अनाज ‘सावा’ की खीर बनाकर मेले में आए लोगों को वितरित की।
इस पहल का उद्देश्य लोगों को पारंपरिक और पौष्टिक अनाजों की खेती व उपयोग के लिए प्रेरित करना रहा। महिला मंडल बाग की प्रधान सुभद्रा ठाकुर और उप-प्रधान बंदना के सहयोग से स्वादिष्ट सावा की खीर तैयार की गई, जिसे मेले में निःशुल्क वितरित किया गया।
कार्यक्रम में नेकराम शर्मा ने मिलेट्स की खेती को पुनर्जीवित करने पर बल देते हुए कहा कि ये अनाज न केवल स्वास्थ्यवर्धक हैं, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे रासायनिक खेती के स्थान पर पारंपरिक जैविक पद्धतियों को अपनाएं।
एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने भी खीर का आनंद लिया और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान सहायक लोक संपर्क अधिकारी संजय सैनी ने महिला मंडल की सदस्यों को मोटे अनाज का बीज भी वितरित किया।