करसोग में राहत कार्य जारी: एक लाख 92 हजार की वितरित सहायता राशि,,52 पेयजल योजनाएं और 10 सड़कें बहाल, 380 ट्रांसफार्मर पुनः चालू

करसोग। करसोग उपमंडल में हाल ही में बादल फटने और भारी बारिश के कारण प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य तेजी से जारी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मंडी दौरे के बाद राहत और बचाव कार्यों ने और अधिक गति पकड़ी है।

प्रभावितों को वितरित की गई राहत सामग्री

एसडीएम गौरव महाजन ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत अब तक एक लाख 92 हजार 500 रुपए की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से 81 तिरपालें, 36 कम्बल और 10 राशन किटें दी गई हैं। इस आपदा में 100 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं।

जल आपूर्ति बहाली के प्रयास तेज

जल शक्ति विभाग के एक्सियन के.के. शर्मा ने बताया कि क्षेत्र की कुल 144 पेयजल योजनाओं में से 52 को बहाल कर दिया गया है। विभाग के लगभग 200 कर्मचारी शेष योजनाओं को पुनः चालू करने में जुटे हैं।

सड़क संपर्क बहाल करने के लिए 24×7 प्रयास

लोक निर्माण विभाग के अनुसार, आपदा के चलते क्षेत्र की 27 सड़कें अवरुद्ध हो गई थीं। एक्सईएन सुरेश चंदेल ने बताया कि इनमें से 10 मुख्य सड़कों को आवाजाही के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है। अन्य मार्गों को बहाल करने के लिए 15 जेसीबी, 2 एलएनटी मशीनें और 8 टिप्पर लगातार कार्य कर रहे हैं।

विद्युत आपूर्ति धीरे-धीरे सामान्य हो रही

विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता चंद्रमणि शर्मा के अनुसार, 420 ट्रांसफार्मरों में से 380 को पुनः चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही 1.5 किमी लंबी 33 केवी लाइन, 6.5 किमी 22 केवी एचटी लाइन और 16 किमी लंबी एलटी लाइन को भी बहाल कर दिया गया है। शेष कार्यों पर तेजी से काम हो रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *