नई दिल्ली। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश के सभी सांसदों एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और आपदा प्रभावित क्षेत्रों के विधायकों के साथ आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश को आपदा से हुए नुकसान से अवगत कराया और आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास के लिए के लिए अधिक से अधिक वित्तीय सहयोग का आग्रह किया। जयराम ठाकुर द्वारा सौंपे गए दस्तावेज में आपदा के दौरान हिमाचल प्रदेश में नष्ट हुई निजी एवं सरकारी संपत्तियों के नुकसान का ब्यौरा था। जयराम ठाकुर ने बताया कि आपदा की वजह से जिला मंडी का सराज, नाचन, करसोग और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र तथा चंबा के कई क्षेत्र बुरी तरीके से प्रभावित हुए हैं। इसमें 1200 करोड रुपए से अधिक की धन हानि और लगभग 50 से ज्यादा जनहानि हुई है। 42 लोग तो 30 जून की आपदा में ही काल कवलित हुए हैं।
700 से ज्यादा घर आपदा की वजह से पूर्णतया नष्ट हो गए हैं। 1000 से ज्यादा घर आंशिक रूप से नष्ट हुए हैं लेकिन वह रहने लायक नहीं है। 1000 से ज्यादा पशु शाला और 1000 से ज्यादा पशुधन भी आपदा की से नष्ट हुए हैं। इसके साथ ही लोगों के खेती- बागवानी की जमीन, फसलें आदि नष्ट हुई हैं। जिससे उनके आजीविका का सहारा भी छीन गया है। इसलिए आपदा प्रवाहित लोगों के भारी सहयोग की आवश्यकताहै। वित्त मंत्री ने हिमाचल प्रदेश की हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया है। गौरतलब है कि जयराम ठाकुर बीते कल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, उक्त जनप्रतिनिधियों और प्रदेश अध्यक्ष के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं जल संसाधन मंत्री सीआर पाटील से भी मुलाकात करके हिमाचल के लिए ज्यादा से ज्यादा सहयोग करने का निवेदन कर चुके हैं।