सेवानिवृत्त सहकारी बैंक कर्मचारियों ने थुनाग में बाढ़ पीड़ितों को पहुंचाई राहत

मंडी। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण संगठन ने मंडी जिले के थुनाग क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए सराहनीय पहल की है। संगठन की जिला मंडी इकाई ने देजी गांव में जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री और आर्थिक सहायता प्रदान की।

सहायता अभियान का नेतृत्व जिला इकाई के अध्यक्ष स्वरूप सिंह गुलरिया ने किया। उनके साथ राज्य कार्यकारिणी सदस्य रोशन लाल शर्मा, भूपेंद्र सिंह ठाकुर और हीरा लाल ठाकुर भी अभियान में शामिल रहे। टीम ने थुनाग से दो किलोमीटर की सड़क यात्रा के बाद करीब छह किलोमीटर का पैदल रास्ता तय कर देजी गांव तक पहुंच बनाई।

पंचायत वार्ड सदस्य सोहन लाल द्वारा चिन्हित 21 बाढ़ प्रभावित परिवारों में से प्रथम चरण में 15 परिवारों को ₹6000/- प्रति परिवार की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से दी गई। शेष छह परिवारों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें अगले चरण में सहायता दी जाएगी।

संगठन की योजना अगले चरण में 10 और प्रभावित परिवारों को सहायता देने की है, जिनमें वे छह परिवार भी शामिल होंगे। यह अभियान पूरी तरह सदस्य सहयोग और सेवा भावना के आधार पर संचालित किया जा रहा है।

राज्य कार्यकारिणी ने कठिन परिस्थितियों में भी गांव तक पहुंचकर राहत पहुंचाने वाले सभी पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया है। साथ ही, उन सेवानिवृत्त सदस्यों का भी धन्यवाद किया गया है जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद इस मानवीय कार्य के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *