शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने महानवमी और आगामी विजयदशमी के पावन अवसर पर समस्त हिमाचलवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आज दुर्गा नवरात्रों की अंतिम तिथि है और यह पर्व शक्ति, श्रद्धा व भक्ति का प्रतीक है।
डॉ. बिंदल ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा, “दुर्गा माता के नवरात्रों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में शक्ति, शांति और सद्भाव लेकर आए। मैं समस्त प्रदेशवासियों को इस अवसर पर शत-शत बधाई देता हूं।”
उन्होंने कहा कि कल विजयदशमी का महान पर्व है, जो यह संदेश देता है कि अधर्म पर धर्म की, अन्याय पर न्याय की और बुराई पर अच्छाई की सदा विजय होती है। भगवान श्रीराम द्वारा रावण पर विजय प्राप्त करना इसी सत्य का प्रतीक है।
डॉ. बिंदल ने हाल ही में प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए कहा, “हिमाचल प्रदेश ने हाल के दिनों में गंभीर आपदाओं का सामना किया है। ऐसे में ये पर्व हमारे लिए आशा, नई शुरुआत और मनोबल को पुनः जागृत करने का अवसर हैं।”
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। “परमपिता परमात्मा, महामाई और भगवान श्रीराम से हमारी प्रार्थना है कि हिमाचल में सबका कल्याण हो, दुखों का अंत हो और हर घर में खुशियां आएं।”
डॉ. बिंदल ने सभी से पर्वों को उल्लास और एकता के साथ मनाने का आह्वान किया।