बिलासपुर भल्लू पुल हादसा: मलबे की चपेट में आई बस, 30-35 लोग थे सवार,10 की मौत की खबर,बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी

मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया, राहत कार्यों में तेज़ी लाने के दिए निर्देश

प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के बालूघाट क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद घटना पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मज़बूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री निरंतर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री शिमला से पूरे हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने झंडूता बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया

राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के निर्देश, घायलों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन

प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के बालूघाट क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दर्दनाक घटना पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना पूरे प्रदेश के लिए पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

अग्निहोत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके उपचार की संपूर्ण व्यवस्था की जाए।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर संभव स्तर पर प्रभावितों की सहायता करेगी और प्रशासन को स्थिति पर लगातार नज़र बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *