सरस्वती कला मंच अलसिंडी ने जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित जागरूकता कार्यक्रमों का किया आयोजन

बरोड़। सूचना एवं जन संपर्क विभाग शिमला के सौजन्य से सरस्वती कला मंच अलसिंडी द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु ग्राम पंचायत थुनाग, ग्राम पंचायत रोड के गांव बखलवार एवं ग्राम पंचायत बरोड़ में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रमों के दौरान स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत मकान निर्माण के लिए दी जाने वाली वित्तीय सहायता, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए नए मकान निर्माण हेतु अनुदान, एकल नारी, विधवा विवाह एवं विशेष रूप से सक्षम अभ्यर्थियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण व संवर्गीय क्रिया कलापों में दक्षता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, अत्याचार से पीड़ित अनुसूचित जाति एवं जनजाति के व्यक्तियों को राहत प्रदान करने की योजनाएं, हिमाचल प्रदेश जाति एवं जनजाति विकास निगम की विभिन्न योजनाएं, राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना, ई-टैक्सी योजना तथा नशा निवारण अभियान जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

इन सभी विषयों को सरस्वती कला मंच के कलाकारों ने गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से रोचक एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे ग्रामीण जनता को योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी ढंग से प्राप्त हो सकी।

थुनाग में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान धनेसर और उपप्रधान खेमराज तथा बखलवार एवं बरोड़ में आयोजित कार्यक्रमों में ग्राम पंचायत प्रधान उमा देवी, पूर्व उपप्रधान, वार्ड मेंबर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और कार्यक्रम की सराहना की।

कार्यक्रम की सफलता में सरस्वती कला मंच अलसिंडी के कलाकारों — बिमला देवी, जय कृष्ण, देवी सरन, मणिचंद, सुरेश ओबेरॉय, पंकज वर्मा, सौरव, गीता वर्मा, सुनीता, पूर्ण चंद और कमल — ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *