आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान – 2047 तक विकसित भारत का संकल्प, भाजपा कर रही है साकार : राकेश जमवाल,कहा,, जो काम 70 साल में नहीं हुआ, वह भाजपा ने दस वर्षों में कर दिखाया है

सुंदरनगर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने पार्टी कार्यालय सुंदरनगर में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान देश को 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में लेकर जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह नए भारत के निर्माण का सामाजिक आंदोलन है, जिसमें हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

राकेश जमवाल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता तक सीमित नहीं, बल्कि यह शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, नवाचार, कृषि और औद्योगिक विकास के माध्यम से सम्पूर्ण राष्ट्र की सशक्तीकरण प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बीते एक दशक में ऐसे कई सुधार किए हैं जिनसे देश की आर्थिक नींव मजबूत हुई है और आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान का सार यही है कि हम भारत को आत्मविश्वास, स्वाभिमान और स्वावलंबन के रास्ते पर लेकर चलें। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाएं जैसे मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, वोकल फॉर लोकल और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना इसी सोच का परिणाम हैं। इन योजनाओं ने गांव-गांव में युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को सशक्त बनाया है।

मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि वे आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल नारे नहीं लगाते, वे संकल्प को कर्म में बदलते हैं — यही भाजपा की पहचान है। राकेश जमवाल ने कहा कि हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में पर्यटन, बागवानी, औद्योगिक उत्पादन और शिक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें भाजपा सरकार के दृष्टिकोण से और अधिक गति दी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल वादों और खोखले भाषणों तक सीमित रही है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने विकसित भारत का रोडमैप धरातल पर उतारकर दिखाया है। उन्होंने कहा कि “जो काम 70 साल में नहीं हुआ, वह भाजपा ने दस वर्षों में कर दिखाया है।

इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता सीमा ठाकुर ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान युवाओं को स्वावलंबन और नवाचार की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि “यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के उस सपने को साकार करने का माध्यम है जिसमें हर नागरिक राष्ट्र निर्माण का सहभागी बने।”

कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उन्होंने यह संकल्प लिया कि आत्मनिर्भर भारत के इस अभियान को हिमाचल के हर गांव, हर घर तक पहुंचाया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *