मुख्यमंत्री प्रदेश हित में ले रहे सराहनीय निर्णय — बलदेव ठाकुर

शिमला। कांग्रेस के पूर्व सचिव एवं राज्य शहरी परिवहन एवं बस अड्डा प्रबंधन प्राधिकरण के निदेशक बलदेव ठाकुर ने मुख्यमंत्री  सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए निर्णयों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश हित में दूरदर्शी और जनकल्याणकारी कदम उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अस्थायी कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि का निर्णय हजारों परिवारों को आर्थिक राहत देने वाला कदम है। वहीं, परिवहन विभाग में डीज़ल-पेट्रोल टैक्सियों को इलेक्ट्रिक टैक्सियों से बदलने का निर्णय प्रदेश को हरित राज्य बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

बलदेव ठाकुर ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा महापौर का कार्यकाल बढ़ाने और पंचायती राज चुनावों को आगे करने का निर्णय भी व्यावहारिक और प्रशासनिक दृष्टि से उचित है। इससे स्थानीय निकायों में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी और चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास, पर्यावरण संरक्षण और कर्मचारी कल्याण को संतुलित रूप से आगे बढ़ा रही है। सरकार के ये कदम हिमाचल को आत्मनिर्भर और आधुनिक राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *