हिमाचल में बदलेगा मौसम का मिजाज, होगी बारिश बर्फबारी, तापमान में आएगी गिरावट

शिमला। पहाड़ों पर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले इलाकों में बीते कुछ दिनों से ही सुबह शाम की ठंड देखी जा रही है। लेकिन दिन के समय चटक धूप का लोग खूब आनंद भी ले रहे हैं। राज्य के मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले जिलों में ठंड ने दस्तक दे दी है। जिहाजा ज्यादातर लोग स्वेटर और जैकेट में ही नजर आते हैं। अब मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि आगामी 48 घंटों में मौसम बदलेगा और बारिश बर्फबारी के साथ ही तापमान में गिरावट होगी। मतलब आगामी दिनों में तापमान गिरने से ठंड और बढ़ेगी।

हिमाचल प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसके कारण राज्य के कई हिस्सों में 4 और 5 नवंबर को बारिश बर्फबारी की उम्मीद है। राज्य मौसम विभाग के वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि बीते 24 घंटों में जिला मंडी के कुछ इलाकों में धुंध छाई रही। 4 नवंबर देर शाम से पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। साथ ही 5 नवंबर को भी इसका असर रहेगा। जिससे मध्यवर्ती और निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा जिला कांगड़ा, चंबा, लाहौल स्पीति, कुल्लू और मंडी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होगी। जिला ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके इलावा लगभग सभी जगहों पर बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर गरज के साथ बिजली भी चमकेगी और बारिश होगी।
वहीं राज्य के अधिकतम तापमान की बात करें तो सभी जगहों पर तापमान सामान्य चल रहे हैं। संदीप कुमार ने बताया कि सबसे अधिक ऊना में 30.4 डिग्री सेल्सियस, शिमला में 19.8 डिग्री, सोलन में करीब 26 डिग्री, बिलासपुर और हमीरपुर में 28 से 30 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किए गए हैं। वहीं राज्य में सबसे कम तापमान किन्नौर जिला के ताबो में माइनस 3.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। उन्होंने कहा हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक चल रहे हैं। लेकिन अगले 48 घंटों में बारिश बर्फबारी के बाद मौसम के साथ साथ तापमान में भी बदलाव होगा और दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।जिससे ठंड में इजाफा होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *