
शिमला – नगर निगम शिमला के सफ़ाई मज़दूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आज कालीबाड़ी हाल में सफ़ाई मज़दूर यूनियन का अधिवेशन आयोजित किया गया। अधिवेशन की अध्यक्षता यूनियन प्रधान नागेश वाल्मीकन ने की।
इस दौरान वाल्मीकन ने कहा कि सफ़ाई मज़दूरों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ दिया जाना चाहिए और नगर निगम में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरा जाए। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के लिए उपलब्ध मकानों की स्थिति काफी दयनीय है, जिनकी जल्द मरम्मत किए जाने की आवश्यकता है।
यूनियन प्रधान ने कहा कि वर्तमान में केवल 130 सफ़ाई कर्मचारी कार्यरत हैं, जिसके चलते कर्मचारियों पर काम का अत्यधिक दबाव बना हुआ है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया जाए और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान निकाला जाए।