‘मन की बात’ से प्रधानमंत्री मोदी सीधे जनता से जुड़ते हैं, यह कार्यक्रम राष्ट्र की उपलब्धियों और संकल्पों को साझा करने का सशक्त माध्यम : संजीव कटवाल

 

 

देश की सुरक्षा, संस्कृति, युवा शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाती है ‘मन की बात’ : भाजपा

शिमला। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने कहा कि आज पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण सुना गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने संगठनात्मक जिला सुंदरनगर में कार्यकर्ताओं के साथ यह कार्यक्रम सुना, जबकि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जम्मू प्रवास के दौरान कठुआ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ को सुना।
संजीव कटवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता से सीधे संवाद करते हैं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को सरल भाषा में जन-जन तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2025 की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए देश की सुरक्षा, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष, संस्कृति और युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया, जो हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख कर यह स्पष्ट किया कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। इसके साथ ही खेल जगत में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धियां, विज्ञान एवं अंतरिक्ष क्षेत्र में प्रगति, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और आस्था से जुड़े आयोजनों का उल्लेख कर देशवासियों को आत्मविश्वास से भर दिया।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’, स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन, नवाचार, स्टार्टअप, फिटनेस और कृषि जैसे विषयों पर युवाओं की भागीदारी को प्रेरित किया। यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का मार्ग दिखाता है।
संजीव कटवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, उसकी संस्कृति, उसकी शक्ति और उसके उज्ज्वल भविष्य का प्रतिबिंब है, जो देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *