
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने नव-नियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्षों को उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत केंद्रीय आलाकमान ने जिन पदाधिकारियों पर भरोसा जताया है, वह केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि उन्हें संगठन को मजबूत करने का अवसर भी है। इस विश्वास को पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाना प्रत्येक जिलाध्यक्ष की मुख्य जिम्मेदारी होगी।
विनय कुमार ने कहा कि जिलाध्यक्ष संगठन की रीढ़ होते हैं और जमीनी स्तर पर पार्टी की नीतियों, विचारधारा तथा कार्यक्रमों को जन-जन तक पंहुचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्हें कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना होगा, उनकी समस्याओं को सुनना होगा और संगठनात्मक एकता को सशक्त बनाना होगा।
उन्होंने कहा है कि संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शीघ्र ही जिला कार्यकारिणियों, ब्लॉक अध्यक्षों तथा ब्लॉक कार्यकारिणियों की घोषणा की जाएगी। इससे संगठन का ढांचा मजबूत होगा और पार्टी का कामकाज तेज़, पारदर्शी व समन्वित रूप से संचालित हो सकेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पीसीसी की कार्यकारिणी को भी जल्द अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसे केंद्रीय आलाकमान की स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम के गठन से प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, स्पष्ट दिशा और जनसेवा के लिए मजबूत आधार मिलेगा, जिससे कांग्रेस आने वाली चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकेगी।