सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आधी रात को हुए भीषण अग्निकांड में तीन छोटे बच्चों सहित छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। यह दर्दनाक हादसा नौहराधार क्षेत्र के अति दुर्गम तलांगना गांव में बीती रात करीब तीन बजे पेश आया। हादसे के वक्त मकान में कुल सात लोग मौजूद थे, जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सभी लोग मोहन लाल के घर मेहमानी के लिए आए हुए थे, लेकिन यह मेहमाननवाजी एक परिवार के लिए काल बन गई।
प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिसके बाद घर में रखा LPG सिलेंडर फट गया और आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया, वहीं पालतू मवेशियों के भी जिंदा जलने की सूचना है। इस हादसे में लोकेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रेस्क्यू कर सोलन अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि उसकी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जिससे पूरा परिवार उजड़ गया। मृतकों की पहचान नरेश पुत्र दुर्गा सिंह, उनकी पत्नी तृप्ता (निवासी टपरोली, राजगढ़), कविता पत्नी लोकेंद्र और उनके तीन बच्चे सारिका, कृतिका और कृतिक (निवासी खुमड़ा, चौपाल) के रूप में हुई है।
DC सिरमौर प्रियंका वर्मा और SDM संगड़ाह सुनील कायथ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के बाद आग पर काबू पा लिया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घटना स्थल अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में होने और मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण सूचना मिलने और मदद पहुंचाने में देरी हुई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और गांव में मातम पसरा हुआ है।