केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का मध्य प्रदेश के विदिशा का दौरा

New Delhi..केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध विदिशा जिले के प्रगति को नई गति देते हुए 4,400 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से 181 किमी कुल लंबाई की 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं एवं 3 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का मुख्यमंत्री मोहन यादव , केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह, अन्य मंत्री गण तथा सांसदों-विधायकों, अधिकारीयों और गणमान्यों की उपस्थिति में लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

आज लोकार्पित हुई परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-46 के ओबेदुल्लागंज-इटारसी खंड से संबंधित है, जहां रातापानी वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में शेष 4-लेन मार्ग का निर्माण पूर्ण किया गया है। इस मार्ग के बनने से भोपाल से इटारसी के बीच की यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध होगी। साथ ही नियंत्रित यातायात व्यवस्था से पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा को भी लाभ मिलेगा।

वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए एनिमल अंडरपास, ध्वनि प्रदूषण कम करने हेतु इंसुलेटेड पॉलीकार्बोनेट पैनलों से बने साउंड-प्रूफ कॉरिडोर तथा 4-लेन सड़क जैसी व्यवस्थाएं की गई है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। इसके साथ ही सीआरआईएफ के अंतर्गत देहगांव-बम्होरी मार्ग के निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क सदृढ़ हुआ है। इस मार्ग से किसानों और स्थानीय लोगों को कृषि उत्पादों के तेज परिवहन तथा स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहूंच मिलेगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को बल मिलेगा।

शिलान्यास की गई परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग-146 से जुड़ी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के बनने से भोपाल, विदिशा और सागर क्षेत्र के बीच तेज, सुरक्षित और निर्बाध संपर्क सुनिश्चित होगा। साथ ही व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। सागर शहर में भारी यातायात के दबाव को कम करने के लिए 4-लेन ग्रीनफील्ड वेस्टर्न बाईपास का निर्माण किया जाएगा। इससे शहर के भीतर ट्रैफिक घटेगा और लंबी दूरी के वाहनों को निर्बाध मार्ग मिलेगा।

मध्य प्रदेश के विदिशा-बगरोद, सागर-भापेल और छापरी में 7.50 करोड़ रुपए की लागत से ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर बन रहे है। यह केंद्र वैज्ञानिक प्रशिक्षण देकर कुशल चालक तैयार करेंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और परिवहन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही आसपास छोटे व्यवसाय और सेवाएं विकसित होगी। यह पहल सुरक्षा, कौशल एवं आर्थिक विकास को मजबूत करेगी।

कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने आज 16,000 करोड़ रुपए के निवेश से कोटा-विदिशा-सागर इस नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस हाईवे की घोषणा की। 4,000 करोड़ की लागत से विदिशा के उत्तरी बाईपास की भी उन्होंने आज घोषणा की। साथ ही सीआरआईएफ में सड़क निर्माण कार्य के लिए 1600 करोड़ रुपए की घोषणा की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *