लोक निर्माण मंत्री ने 1.14 करोड़ से निर्मित होने वाले सांगटी-सन्होग पंचायत सामुदायिक केन्द्र का वर्चुअली किया शिलान्यास

कहा ..…शिमला ग्रामीण विस क्षेत्र में पिछली सरकार के दौरान बनाई 8 नई पंचायतों में से 7 पंचायतों को भवन स्वीकृत

शिमला : प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज सचिवालय से शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सांगटी-सन्होग के 1.14 करोड़ की लागत से निर्मित होने पंचायत सामुदायिक केन्द्र (पंचायत भवन) का वर्चुअली शिलान्यास किया और पंचायत क्षेत्र के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि पिछली भाजपा सरकार के दौरान पंचायतों का पुनर्गठन किया गया था। पुनर्गठन से शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में इस क्षेत्र की पंचायतों के कुछ हिस्सों को तोड़कर 8 नई पंचायतों को बनाया गया था जिसमें से 7 पंचायतों को आधुनिक सुविधाओं सहित नए पंचायत भवन के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवा दिया गया है जिसमें से कुछ का निर्माण कार्य जारी है और कुछ का लोकार्पण कर दिया गया है। सिर्फ एक पंचायत शेष बची है जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
उन्होंने पंचायत प्रधान राहुल कश्यप, उपप्रधान मनोज शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों सहित डीएफओ वाइल्डलाइफ शिमला की पीठ थपथपाते हुए कहा कि इन सभी के सहयोग से छः महीने के भीतर फॉरेस्ट क्लीयरेंस सहित सभी औपचारिकताएं पूर्ण की गई है। उन्होंने पंचायत सामुदायिक भवन के लिए भूमिदान कर्ता विक्रम ठाकुर, रूपसिंह ठाकुर तथा चमन ठाकुर का आभार प्रकट करते हुए कहा कि भूमिदान करना एक साहसिक कार्य है। समाज एवं मानवता की सेवा के लिए हम सब को आगे आना चाहिए ताकि इलाके में सड़कों के निर्माण सहित गांव एवं पंचायत क्षेत्र का विकास बिना रुकावट आगे बढ़ सके।
उन्होंने कहा कि आज भारी बारिश एवं बर्फबारी के कारण वह कार्यक्रम स्थल तक नहीं जा पाए जिस कारण पंचायत सामुदायिक केन्द्र (पंचायत भवन) सांगटी-सन्होग का शिलान्यास वर्चुअली करना पड़ा। उन्होंने कहा कि विधायक या मंत्री का विधानसभा क्षेत्र में लोग अपनी समस्याओं से अवगत करवाने के लिए बेसब्री से इंतजार करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में ना पहुंच पाने के लिए खेद व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सांगटी-सन्होग पंचायत तथा साथ लगती नेरी व चायली पंचायत क्षेत्र के लोगों की जो भी बिजली, पेयजल तथा सड़क से संबंधित मांगें या अन्य किसी भी प्रकार की समस्याएं होगी उनको प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा जिसके लिए वह स्वयं सर्दियों के बाद शीघ्र ही इस इलाके का दौरा करेंगे और अधिकारियों के सहयोग से लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य लता वर्मा, पंचायत समिति सदस्य निधि ठाकुर, पीसीसी महासचिव जितेन्द्र ठाकुर, स्थानीय ग्राम पंचायत सांगटी-सन्होग के प्रधान राहुल कश्यप, उपप्रधान मनोज शर्मा, प्रधान ग्राम पंचायत नेरी हेमंत शर्मा, पूर्व प्रधान देवेंद्र ठाकुर, चायली पंचायत उपप्रधान मोहन सिंह वर्मा, सेवानिवृत कर्मचारी कल्याण संघ के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, आसपास की पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि, युवक एवं महिला मंडल सदस्यों सहित ग्रामीण लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *