हिमाचल में मौसम ने बदला रुख, तीन माह के सूखे के बाद बारिश और बर्फबारी से मिली राहत

शिमला। शिमला मेत पूरे हिमाचल प्रदेश में मौसम ने आखिरकार करवट ले ली है। करीब तीन महीने से जारी सूखे दौर के बाद प्रदेश में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई है। आसमान से बरसी इन फुहारों ने जहां मैदानी इलाकों की प्यास बुझाई, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में देवदार के जंगल बर्फ की सफेद परत से ढक गए हैं। लंबे इंतजार के बाद मिली इस राहत से किसानों, बागवानों और आम लोगों में खुशी का माहौल है।


प्रदेश के कई मैदानी इलाकों में शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। वहीं शिमला, कुफरी, मनाली, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने से ठंड में इजाफा हुआ है। तापमान में आई गिरावट के चलते लोगों ने एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
मौसम में आए इस बदलाव को खेती-बाड़ी के लिहाज से बेहद फायदेमंद माना जा रहा है। सेब के बागानों और गेहूं की फसल के लिए यह बारिश और बर्फबारी किसी संजीवनी से कम नहीं है। लंबे सूखे के कारण चिंतित किसानों और बागवानों को अब अच्छी पैदावार की उम्मीद जगी है।
मौसम के सुहावने होते ही पर्यटन गतिविधियों में भी तेजी देखने को मिल रही है। शिमला, मनाली, धर्मशाला, कुफरी और नारकंडा जैसे पर्यटन स्थलों पर बाहरी राज्यों से पहुंचे सैलानी बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं और बर्फ से खेलते नजर आ रहे हैं।
हालांकि, बर्फ जमने से कुछ इलाकों में सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। खासकर शिमला में वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *