लाहौल घाटी में बर्फबारी से बदला नज़ारा, किसानों को राहत तो जनजीवन हुआ प्रभावित


लाहौल। जनजातीय जिला लाहौल घाटी में हुई ताज़ा बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र को बर्फ की सफेद चादर से ढक दिया है। जहां इस बर्फबारी से किसानों को राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर कड़ाके की ठंड और बंद सड़कों के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। ठंडे मौसम के बीच घाटी का मनमोहक दृश्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
बर्फबारी के चलते लाहौल घाटी की कई प्रमुख सड़कें अस्थायी रूप से बंद हो गई थीं, जिससे स्थानीय लोगों को घरों से बाहर निकलने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने भीषण ठंड के बावजूद बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया।
बीआरओ की कड़ी मेहनत के चलते सिस्सु से मनाली मार्ग को सिंगल लाइन वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। वहीं उदयपुर से तिंदी और तिंदी से किलाड़ मार्ग को भी खोल दिया गया है। इसके अलावा केलांग से उदयपुर सड़क को शाम करीब चार बजे फोर-व्हील-ड्राइव (4×4) वाहनों के लिए खोल दिया गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।
लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन और बीआरओ द्वारा सड़कों को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए मशीनरी और कर्मचारियों को तैनात कर तेजी से कार्य किया गया। सड़कों के खुलने से अब स्थानीय लोगों को आवश्यक सेवाओं और आवागमन में पहले जैसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *