
शिमला। बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सलाहकार एवं मीडिया प्रभारी नरेश चौहान से मिला।
संघ के अध्यक्ष डॉ. रमेश राजपूत ने बताया कि शारीरिक शिक्षक भर्ती का मामला कई वर्षों से उच्च न्यायालय में लंबित था, जिस पर अब सरकार के पक्ष में निर्णय आ चुका है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र शुरू करवाने की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सलाहकार से मुलाकात की।
इस दौरान नरेश चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शारीरिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जा रही है और इसकी औपचारिक प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों की कमी महसूस की जा रही है, जिससे खेल गतिविधियों, अनुशासन और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में इस विषय में भर्ती अत्यंत आवश्यक है।
संघ अध्यक्ष डॉ. रमेश राजपूत ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के प्रयासों के लिए नरेश चौहान और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल में नरेश कौशल (सोलन), ईश्वर दास (सोलन), नरेश शर्मा (शिमला), मनोज चौहान (चौपाल), संजीव कुमार (सिरमौर), राकेश शर्मा (शिमला) और दीपक (किन्नौर) शामिल रहे।