मीडिया में मामला आने के बाद हरकत में आया विभाग, कमलपुर प्रेहती में बहाल हुई जलापूर्ति

करसोग। करसोग क्षेत्र के गांव कमलपुर प्रेहती (ग्राम पंचायत खील) में पिछले एक महीने से चल रहा पेयजल संकट आखिरकार मीडिया में मामला उजागर होने के बाद दूर हो गया। खबर सामने आने और ग्रामीणों की आवाज उठने के बाद जल शक्ति विभाग हरकत में आया और मौके पर सुपरवाइजर भेजकर पानी की आपूर्ति बहाल करवाई गई।
गौरतलब है कि गांव में पिछले एक महीने से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही थी। बीते बुधवार को मात्र 10 मिनट के लिए पानी आया था, जिसके बाद सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई थी। करीब 20 परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और उन्हें अपने खर्च पर टैंकर मंगवाने पड़ रहे थे। मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करना भी बड़ी चुनौती बन गया था।
मामला मीडिया के संज्ञान में आने के बाद जल शक्ति विभाग करसोग के अधिशासी अभियंता बुद्धि सिंह ठाकुर ने संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग की ओर से सुपरवाइजर को गांव भेजा गया, जहां टैंक भरवाकर और आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कर जल सप्लाई बहाल कर दी गई।
ग्रामीण बबलू के अनुसार विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आने वाले समय में पानी की सप्लाई नियमित की जाएगी।
ग्रामीणों ने पानी की आपूर्ति बहाल होने पर राहत की सांस ली है, लेकिन साथ ही उन्होंने मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने और नियमित रूप से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *