न्यूजीलैंड की धमाकेदार जीत, दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री


नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। कीवी टीम की जीत में सलामी बल्लेबाज टिम सिफर्ट और फिन एलन का बड़ा योगदान रहा। दोनों बल्लेबाजों ने तेज़तर्रार पारियां खेलकर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की रणनीति पूरी तरह बिगाड़ दी।
इस मुकाबले में फिन एलन ने इतिहास रचते हुए महज 33 गेंदों में शतक ठोक दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी मानी जा रही है। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया।
टिम सिफर्ट ने भी शानदार अर्धशतक लगाते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने फाइनल के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। अब रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में उसका सामना भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।
कीवी टीम की इस प्रभावशाली जीत के बाद क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां न्यूजीलैंड खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।