राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल मानेकशॉ सेंटर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह की शोभा बढ़ाएंगी

नई दिल्ली। भारत सरकार कल 8 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन कर रही है। इस अवसर पर, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में एक राष्ट्रीय स्तर के समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस गरिमामयी कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय राष्ट्रपति, द्रौपदी मुर्मु होंगी।

इस कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्री, अन्नपूर्णा देवी और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री, सावित्री ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा।

विश्व स्तर पर 8 मार्च को मनाए जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों और उनके योगदान का उत्सव मनाता है। यह दिवस जेंडर इक्वालिटी, सुरक्षा, गरिमा और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को पुन: दोहराने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव,  अनिल मलिक के स्वागत भाषण के साथ होगा। इसके पश्चात, विभिन्न ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की कार्यबल में बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करेंगी और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से बनाई गई सरकार की प्रमुख नीतियों एवं योजनाओं का प्रदर्शन करेंगी।

इस अवसर पर, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु अपना मुख्य संबोधन देंगी।

महिला एवं बाल विकास मंत्री, अन्नपूर्णा देवी भी समारोह को संबोधित करेंगी और देश में महिला-नेतृत्व वाले विकास को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा की गई प्रमुख पहलों पर प्रकाश डालेंगी।

उद्घाटन समारोह के पश्चात, कार्यक्रम में दो पैनल चर्चाओं का आयोजन किया जाएगा। पहली पैनल चर्चा का विषय “श्रम संहिता – महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा” होगा, जबकि दूसरी पैनल चर्चा का विषय “उद्यमी के रूप में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं” होगा।

इस कार्यक्रम में 150 से अधिक मंत्रालयों, विभागों और संगठनों की लगभग 1,000 महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। इसमें सशस्त्र बलों, पुलिस, मीडिया, स्वास्थ्य सेवा, खेल और अन्य क्षेत्रों की महिला प्रतिनिधि शामिल होंगी, जो पूरे देश में महिलाओं के विविध योगदानों और महिला-नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाने के प्रति भारत सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *