शिमला में 1 करोड़ की एलएसडी के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

 

शिमला। शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये की एलएसडी बरामद की है। पुलिस थाना न्यू शिमला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पंजाब और सिरमौर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की जानकारी एएसपी अभिषेक ने मीडिया से रूबरू होते हुए दी।

एएसपी शिमला अभिषेक ने बताया कि पुलिस थाना न्यू शिमला में 10 मार्च 2026 को धारा 22 व 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हिम निवास, बीसीएस शिमला में दबिश देकर संदीप शर्मा निवासी धर्मकोट जिला मोगा (पंजाब) और प्रिया शर्मा निवासी ददाहू जिला सिरमौर को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 562 स्ट्रिप्स यानी स्टैम्प साइज एलएसडी बरामद हुई, जिसका कुल वजन 11.570 ग्राम है।एनडीपीएस एक्ट में एलएसडी की कमर्शियल मात्रा 0.1 ग्राम से अधिक मानी जाती है और बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संदीप शर्मा पिछले करीब 10 साल से एलएसडी की तस्करी में शामिल रहा है और उसके खिलाफ पहले भी 33 ग्राम चिट्टे से जुड़ा मामला दर्ज है। पुलिस मामले की गहन जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। शिमला पुलिस ने इस वर्ष अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 73 मामले दर्ज कर 136 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 12 को बाहरी राज्यों से बैकवर्ड लिंक के तहत पकड़ा गया है, जबकि पीआईटी एनडीपीएस के तहत पिछले 45 दिनों में 30 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *