बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात से बढ़ी ठंड, प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह

 

चंबा : चम्बा जिला में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। जिला में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है, जबकि जनजातीय क्षेत्रों पांगी घाटी और भरमौर की पर्वत श्रृंखलाओं सहित अन्य ऊंची चोटियों पर हिमपात दर्ज किया गया है। बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है, जिससे लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं।
खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब रहने के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें।
उपायुक्त ने बताया कि मौसम विभाग ने 14 मार्च तक जिला में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। एहतियातन किसी भी संभावित नुकसान से बचने के लिए प्रशासन ने फील्ड में स्टाफ तैनात किया है।
उन्होंने कहा कि सुबह से जिला में रुक-रुक कर बारिश हो रही है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की सूचना भी मिल रही है। हालांकि अभी तक जिला के किसी भी क्षेत्र से किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन की हेल्पलाइन नंबर 1077 पर तुरंत सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *