
शिमला: उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक अपनी मॉल रोड, शिमला शाखा के दो सफल वर्ष पूरे होने के अवसर पर कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत सामुदायिक सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय शिमला के माध्यम से दिन दयाल उपाध्याय अस्पताल को एक एम्बुलेंस भेंट की।
यह एम्बुलेंस अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों को औपचारिक रूप से सौंपी गई। इससे जिला शिमला में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सीनियर ब्रांच मैनेजर शिमला सचिन सूद ने बताया कि उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मॉल रोड शाखा के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह एम्बुलेंस भेंट कर बैंक ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में अपना योगदान देने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बैंक इसी तरह के सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज की सेवा करता रहेगा।
