शिमला। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा के इतिहास विभाग द्वारा स्थापित नवनिर्मित संग्रहालय का प्राचार्य डाक्टर गोपाल चौहान ने उद्घाटन किया। संग्रहालय की स्थापना में इतिहास विभाग की प्राध्यापिका डाक्टर राज लक्ष्मी, डाक्टर किशोरी लाल चंदेल और अंजू ठाकुर का विशेष योगदान रहा। इस संग्रहालय की सबसे विशेष बात यह है कि इसे इतिहास विभाग के विद्यार्थियों द्वारा अपने घरों से लाई गई ऐतिहासिक और पारंपरिक वस्तुओं से सजाया है। विद्यार्थियों ने अपने परिवारों और गांवों से पुरानी ऐतिहासिक वस्तुएं एकत्रित कर उन्हें संग्रहालय में स्थापित किया, जिससे यह संग्रहालय स्थानीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतिबिंब बन गया है।
संग्रहालय में पुराने सिक्कों का दुर्लभ संग्रह, पुराने जनसंचार के साधन, पारंपरिक और लोकप्रिय ऐतिहासिक वाद्ययंत्र तथा हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं। प्राचार्य ने कहा कि ऐसा संग्रहालय विद्यार्थियों को इतिहास को केवल पुस्तकों में पढऩे के बजाय उसे प्रत्यक्ष रूप में देखने और समझने का अवसर प्रदान करेगा। यह संग्रहालय न केवल शिक्षकों की मेहनत और दूरदर्शिता को दर्शाता है, बल्कि विद्यार्थियों के परिश्रम, उत्साह और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी जागरूकता का भी प्रतीक है। इतिहास विभाग का यह प्रयास महाविद्यालय में इतिहास के अध्ययन को और अधिक रोचक और जीवंत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।