उपमुख्यमंत्री ने 15.25 करोड़ से बनने वाली समनाल–पूबोवाल सड़क मार्ग का किया शिलान्यास, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन भी रहे मौजूद

ऊना। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज (सोमवार) को हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत समनाल से पूबोवाल चौक वाया बालीवाल सड़क मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 15.25 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि  समनाल से पूबोवाल चौक वाया बालीवाल सड़क मार्ग सीधे हरोली औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ता है, जिसके कारण इसकी उपयोगिता और अधिक बढ़ जाती है। इस सड़क के सुदृढ़ीकरण से औद्योगिक गतिविधियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर और मजबूत सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचागत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विकासात्मक परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं, जिनसे क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *