
भारत पवेलियन का उद्घाटन हांगकांग और मकाऊ विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (एसएआर) में भारत के महावाणिज्य दूत, श्री राजेश नायक द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म, टेलीविजन और उभरते मीडिया क्षेत्रों में वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने भारतीय प्रतिनिधिमंडल की उत्साहपूर्ण भागीदारी की भी सराहना की, जो भारत के मीडिया और मनोरंजन ईकोसिस्टम के प्रति बढ़ते वैश्विक आकर्षण का परिचायक है।
भारत पवेलियन का आयोजन वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन सेवा निर्यात संवर्धन परिषद (एसईपीसी) और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है। इस पहल को हांगकांग और मकाऊ (एसएआर) स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास का पूर्ण सहयोग प्राप्त है। उद्घाटन समारोह में एसईपीसी, एनएफडीसी और हांगकांग व्यापार विकास परिषद (एचकेटीडीसी) के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस पवेलियन में फिल्मों, टेलीविजन, एनिमेशन और उभरते मीडिया के क्षेत्रों में भारत की विविधतापूर्ण कंटेंट और निर्माण ईकोसिस्टम का भव्य प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही, अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के साथ बी2बी (बिजनेस-टू-बिजनेस) बैठकों, सह-निर्माण पर चर्चाओं और नेटवर्किंग कार्यक्रमों को सुगम बनाया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘वैश्विक कंटेंट परिदृश्य में फिल्मों का प्रभाव और उभरते अवसर’ विषय पर एक पैनल चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें उद्योग विशेषज्ञों ने बाजार में हो रहे की बदलावों और अन्य देशों के साथ सहयोग पर अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) भारतीय रचनाकारों के लिए सह-निर्माण, बाजार पहुंच और वितरण के अवसर सुलभ कराकर, प्रमुख वैश्विक फिल्म बाजारों में भारत को स्थापित करने में निरंतर एक केंद्रीय भूमिका निभा रहा है।
पवेलियन के माध्यम से एनएफडीसी की आगामी प्रमुख पहलों को भी बढ़ावा दिया गया, जिसमें मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) और वेव्स डॉक बाजार शामिल हैं। मुंबई के पेडर रोड स्थित एनएफडीसी परिसर में 15 जून 2026 से आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का मुख्य केंद्र डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन और शॉर्ट फिल्में होंगी। इसके अतिरिक्त, पवेलियन में भारत के प्रमुख मंचों जैसे भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (ईफ्फीI) और वेव्स फिल्म बाजार पर भी विशेष प्रकाश डाला गया, जिनका आयोजन नवंबर 2026 में गोवा में किया जाना है।
भारत पवेलियन भारत सरकार के उस समन्वित प्रयास का प्रतिबिंब है, जो नीति, उद्योग और वैश्विक पहुंच को एक सूत्र में पिरोता है। यह पहल भारत को वैश्विक मीडिया और मनोरंजन ईकोसिस्टम में एक प्रमुख और अनिवार्य साझेदार के रूप में मजबूती से स्थापित करती है।